अभी हाल ही में करण जौहर ने सबको तब चौका दिया था जब ये ख़बर आई कि सरोगेसी के जरिये वो दो बच्चों के पिता बन गए हैं। हालांकि अभी तक उन्हें किसी ने देखा नहीं हैं। करण ने बताया है कि अभी उनको दुनिया के सामने लाने का सही समय नहीं आया है।
शुक्रवार को एक स्टाइल अवॉर्ड इवेंट में आये करण से जब ये पूछा गया कि वो अपने बच्चों की तस्वीर सोशल मीडिया के जरिये कब साझा करेंगे, उन्होंने कहा " मैं अपने बच्चों की तस्वीरें साझा करने के लिए अधिक उत्सुक हूं लेकिन अभी सही समय नहीं आया है। जैसे ही आएगा मैं अवश्य शेयर करूंगा।" इस मौके पर उनके स्टाइलिश होने के बारे में पूछे जाने पर करण ने कहा " मैं चमकता हुआ इंसान हूं। इसलिए मेरे जूते भी चमकने चाहिए। मेरा चेहरा भी चमकना चाहिए। स्टायलिस्ट अवार्ड के लिए आया हूं तो चमकना जरुरी है।" करण ऐसा इसलिए कह रहे थे क्योंकि उनके जूते बहुत चमक रहे थे।
करण के बैनर तले बनी फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' ने हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ की कमाई की। इस पर करण ने कहा,"मैं बहुत खुश और उत्साहित हूं। वरुण धवन, आलिया भट्ट और शशांक खेतान के लिए बहुत गर्व के साथ कह सकता हूं कि उन्होंने अच्छा काम किया।"
