फिल्म अगले साल 2018 में रिलीज़ होने वाली है। खबरें आ रही हैं कि फिल्म में शाहरुख़ कटरीना के फैन होंगे।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। शाहरुख़ खान की आनंद एल राय की नई फिल्म को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा भी किया जा चुका है। फिल्म में वह बौने की भूमिका निभा रहे हैं। यह खबर तो जगजाहिर हो चुकी है।
शाहरुख़ की टीम इसकी पूरी तैयारी में भी जुटी हुई है कि किस तरह उन्हें इस भूमिका में परफेक्शन के साथ दर्शाया जाए। फिल्म की कहानी पूरी तरह से एक बौने पर ही आधारित है। ऐसे में दिलचस्प बात यह है कि उनके फैंस को शाहरुख़ अपने ओरिजिनल रूप में भी नज़र आयेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाहरुख़ की इस फिल्म में कुछ ड्रीम सीक्वेंस रखे गए हैं और उन ड्रीम सीक्वेंस में शाहरुख़ अपने ओरिजिनल रूप में यानी लंबू शाहरुख़ के रूप में ही नज़र आयेंगे। खबर है कि ड्रीम सीक्वेंस में कुछ गाने फिल्माने की भी तैयारी हो रही है। अब वाकई यह देखना भी दिलचस्प होगा कि किस तरह फिल्म में शाहरुख़ को बौने के साथ-साथ लंबे शाहरुख़ के रूप में भी देखने का मौका मिलेगा।
बताते चलें कि इस फिल्म में अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ मुख्य किरदार निभाने जा रही हैं। फिल्म का नाम 'रंगबाज' हो सकता है, ऐसी अटकले लगाई जा रही हैं। फिल्म में शाहरुख़ कटरीना के फैन होंगे, यह भी खबरें आ रही हैं। फिल्म अगले साल 2018 में रिलीज़ होने वाली है।